सोनभद्र। राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में सोनभद्र चैंपियन ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, डीएम अमित कुमार सिंह और सदर विधायक भूपेश चौबे ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन मैच में दुद्धी ने अनपरा की टीम को छह विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनपरा की टीम निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 158 रन पर सिमट गई। दिनेश पनिका ने 35 गेंद पर 51 रन की पारी खेली। राहुल ने 22 रन का योगदान दिया।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दुद्धी की टीम ने महज चार विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर दिया। अंपायर की भूमिका हेडेन और विनय ने निभाई। इसके पूर्व डीएम व जन प्रतिनिधियों ने प्रकाश पाली क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ गुब्बारे और कबूतर छोड़कर, फीता काटकर किया। दोनों टीमों के कप्तानों को हेलमेट पहनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। यहां डीएम ने कहा कि खेल-कूद से आपसी मेल-जोल बढ़ने के साथ ही स्वस्थ मनोरंजन को बढ़ावा मिलता है। बेहतरीन समाज की स्थापना होती है। खेलो इंडिया के जरिए युवाओं को खेल से जोड़कर उनका विकास किया जाय। जिले में खेल के विकास की असीम सीमाएं हैं।
युवाओं में छिपी हुई प्रतिभा को उजागर किया जाय। डीएम ने स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देते हुए कहा कि विजयी होने वाली टीम के सभी खिलाड़ियों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत टी-शर्ट व प्रशस्ति-पत्र दिया जायेगा। डीएम, जिला पंचायत अध्यक्ष व विधायक ने अनपरा टीम के आशीष तिवारी व लव वर्मा सहित अन्य खिलाड़ियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। अध्यक्ष अमरेश पटेल ने कहा कि जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। विधायक ने कहा कि खेल भाईचारे की भावना से खेलना चाहिए। इस मौके पर एसडीएम सदर शादाब असलम, चेयरमैन राबर्ट्सगंज वीरेंद्र कुमार जायसवाल, चुर्क-घुर्मा की चेयरमैन गीता देवी, ब्लाक प्रमुख सदर अशोक सिंह, नफासत खॉ, राजेष चौबे, बिल्लू सिंह, गौरव शुक्ला, शिव कुमार, बृजभूषण, ललित सोनी, पवन जायसवाल, संदीप सिंह, डॉ. एचपी सिंह मौजूद रहे।