सोनभद्र । वर्ष 2016-17 की उपलब्धियों के आधार पर युवा पुरूष, महिला एवं स्वैच्छिक संगठनों जिनके द्वारा राष्ट्र के विकास एवं सामाजिक कार्यों द्वारा अद्वितीय एवं सराहनीय योगदान किया गया है, को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी है। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत पुरस्कार व संस्थागत पुरस्कार के प्रस्ताव भारत सरकार को 15 सितंबर तक पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। राष्ट्रीय युवा पुरस्कार की विस्तृत गाइड लाइन तथा आवेदन पत्र का प्रारूप युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उपलब्धियों के आधार पर व्यक्तिगत एवं संस्थागत श्रेणी में इच्छुक व्यक्तियों की आयु एक जनवरी 2018 को 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। संस्थाओं के आवेदन स्वत: स्पष्ट प्रस्ताव बुकलेट के रूप में तीन-तीन प्रतियों में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के विकास भवन कार्यालय कमरा नं. 68 में 31 अगस्त तक उपलब्ध कराना होगा।