सोनभद्र। जिले में गुरुवार को भी दिन भर बरसात होती रही। बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बरसात की वजह से किसी के घर में पानी घुस गया तो कहीं सड़क पर जलभराव से जाम की स्थिति आ गई। नगवां ब्लाक के रईया गांव में सड़क के किनारे पीपल का पेड़ गिरने से एक व्यक्ति के भवन का टीन शेड व गुमटी ध्वस्त हो गई।
राबर्ट्सगंज नगर में बरसात के कारण कई मुहल्लों में पानी लग गया। नगर की नई बस्ती में जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती के आसपास कूड़े का ढेर व जलभराव बस्तीवासियों को परेशान कर दिया है। पूरब मोहाल की कई गलियों में भी भी जलभराव से लोग घरों में ही कैद रहे। बरसात को देखते हुए गुरुवार की सुबह ही जिला प्रशासन ने आठवीं तक के स्कूल को बंद कर दिया गया है ।
खलियारी क्षेत्र के नगवां ब्लाक में गुरुवार को तेज बारिश से कई घरों में पानी घुस गया है। रईया गांव में सुबह 10 बजे पीपल का पेड़ गिरने से हड़कंप मच गया। संयोग ही रहा कि उस समय कोई भी वाहन सड़क से नहीं गुजर रहा था। पेड़ गिरने से जितेंद्र पुत्र रामविलास का गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। यह भी गनीमत रहा कि जब पेड़ गिरा दुकान में चार-पांच बच्चे बैठे थे। बच्चों ने भाग कर जान बचाई। पेड़ गिरने से जितेंद्र के मकान का टीन शेड ध्वस्त हो गया। जिस कमरे का शेड गिरा उस वक्त उसमें कोई नहीं था। भवन स्वामी के मुताबिक इससे उसे एक लाख रुपये की क्षति हुई है। पेड़ गिरने से खलियारी-राबर्ट्सगंज मार्ग करीब दो घंटे बाधित रहा । पुलिस द्वारा पेड़ को हटवाए जाने के बाद आवागमन चालू हुआ।