दुद्धी। कनहर सिंचाई परियोजना से जुड़े विस्थापितों को पुनर्वास पैकेज मिलने की आस जग गई है। सिंचाई विभाग ने एसडीएम दुद्धी के सरकारी खाते में पैकेज वितरण के लिए सात करोड़ रुपये भेजा है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यह धनराशि विस्थापितों को वितरित कर दी जाएगी।
निर्माण खंड तीन कनहर सिंचाई परियोजना के अधिशासी अभियंता हेमंत वर्मा ने बताया कि तहसील प्रशासन को सात करोड़ रुपये विस्थापितों के पुनर्वास पैकेज के लिए भेज दिया गया है। विस्थापितों को बारिश से पूर्व पुनर्वास पैकेज वितरित कर दिया जाएगा। विस्थापित बारिश से पूर्व पैकेज लेकर बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र को छोड़कर पुनर्वास कालोनी में अपना घर बना लें। हेमंत वर्मा ने कहा कि विस्थापितों को पुनर्वास पैकेज वितरण करने के लिए तहसील प्रशासन के खाते में 12 करोड़ की धनराशि मौजूद है। एसडीएम विशाल यादव ने कहा कि जो विस्थापित पुनर्वास पैकेज पा चुके हैं वो अपना स्थान छोड़कर पुनर्वास कालोनी में अधिकृत प्लाट पर अपना मकान बना कर शिफ्ट हो जाएं, जिससे समय रहते बाढ़ के पानी से सुरक्षित हो सकें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही चयनित सूची के क्रमानुसार पुनर्वास पैकेज वितरित किया जाएगा।