सोनभद्र । ई-गवर्नेंस सेवा के तहत जिले में आय, जाति, निवास सहित विभिन्न प्रकार की स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 637 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 554 ग्राम गांवों में सहज जन सेवा केंद्रों की स्थापना की गई है। डीएम ई-गवर्नेंस सेवा की समीक्षा करने के दौरान यह बातें कलेक्ट्रेट सभागार में कहीं।
जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि आय, जाति, निवास व खतौनी के लिए 30 रुपये व अन्य सभी प्रकार के सेवाओं के लिए मात्र 20 रुपये देकर सहज जन सेवा केंद्र का लाभ लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यदि कोई सहज सेवा केंद्र संचालक अधिक रुपये मांगता है तो इसकी जानकारी संबंधित तहसीलदार व उप जिलाधिकारी को दें। यदि एसडीएम व तहसीलदार प्रभावी कदम नहीं उठाते है तो जिलाधिकारी काल सेंटर, शिकायत केंद्र मो नं. 9454416851 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। डीएम ने ग्रामीणों से करीबी सहज जन सेवा केंद्रों से आय, जाति, निवास व खतौनी के लिए उसके उपयोग की अपील की है। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी उमाकांत त्रिपाठी, प्रशिक्षु आईएस व सदर उपजिलाधिकारी डा. अंकुर लाठर, प्रशिक्षु आईएस व दुद्धी उपजिलाधिकारी अतुुल कुमार वत्स, उपजिलाधिकारी घोरावल शादाब असलम, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, तहसीलदार रार्बट्संगज, घोरावल, दुद्धी के साथ अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।