घोरावल। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में लोगों तक स्वास्थ्य सलाह पहुंचाने के लिए टेलीमेडिसिन की व्यवस्था कर रही है। आने वाले समय में पूरे यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर ढांचा खड़ा किया जाएगा। सभी को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार पीपीपी मॉडल पर काम कर रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार बबलू के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में अनुप्रिया ने कहा कि सोनभद्र अत्यंत पिछड़ा जिला है। यहां विकास काफी दूर है, जिसके लिए सरकार प्रयास कर रही है। सरकार ने 20 नए एम्स की स्थापना की स्वीकृति दी है, जिसमें एक गोरखपुर में स्थापित किया जा रहा है। इसमें से प्रत्येक में सौ सीटें एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए भी निर्धारित हैं लेकिन इन्हें संचालित होने में कुछ समय लगेगा। देश मे 24 मेडिकल कॉलेज खुलेंगे, जिसमें से आठ मेडिकल कालेज यूपी में खोले जाएंगे। सिंगरौली-घोरावल-लूसा रेलवे मार्ग, स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याओं समेत अन्य क्षेत्रीय समस्याओं पर उन्होंने बोलने से मना कर दिया। मंत्री ने कहा कि सोन लिफ्ट कैनाल को पूर्ण रूप से संचालित व विस्तारीकरण के प्रयास हो रहे हैं। चीफ इंजीनियर स्थलीय दौरा कर पूरे प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। जल्द ही अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे। इस दौरान अद जिलाध्यक्ष सत्यनारायण पटेल, धनंजय सिंह, आशुतोष राणा, सूर्यमणि त्रिपाठी, राजकुमार गुप्ता, अंजनी पटेल, गणेश प्रसाद, कृपाशंकर उमर आदि मौजूद रहे।