सोनभद्र (कोन/करमा/केकराही)। लैंपस कोन के अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को नामांकन के दौरान मतदाता सूची में गड़बड़ी होने का आरोप लगाते हुए उम्मीदवारों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि जानबूझकर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है। चुनाव अधिकारी को मतदान निरस्त कराने के लिए मांगपत्र सौैंपा।
लैंपस को नौ भागो में बांटा गया है। जिसमें एक गांव से एक व्यक्ति ही उम्मीदवार बन सकता है। लेकिन उम्मीदवार को पर्चा भरने के लिए तीन सदस्य गांव से मतदाता सूची में होने चाहिए। एक उम्मीदवार दूसरा प्रस्तावक और तीसरा अनुमोदक होता है। ग्राम देवाटन से उम्मीदवारी के लिए भाजपा के कोन मडल संयोजक रमेश चतुर्वेदी नामाकंन करने गए तो उनका मतदाता सूची में नाम नहीं था। आरोप है कि जानबूझ कर सूची में गड़बड़ी की गई है। वही लैंपस सचिव रामकृत कहते हैं सेवानिवृत्त हो चुके विद्यासागर द्वारा मतदाता सूची तैयार की गई है, भूल से नाम छूट गया होगा। लोगों का आरोप था कि रिटायर्ड सचिव स्थानीय निवासी है और अपने को निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए यह साजिश किया है। निर्वाचन अधिकारी राजेश सिंह का कहना है कि शिकायत पत्र ले लिया है, उच्चाधिकारियों का जैसा निर्देश होगा वैसा किया जाएगा। वहीं गया रतवल किसान सेवा समिति के चुनाव अधिकारी राम प्रसाद वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी पारस नाथ ने बताया कि नौ सेक्टरों से 18 लोगों नामांकन किया। करमा/केकराही: किसान सेवा सहकारी समिति करमा के सचिव विनोद मौर्य के मुताबिक नौ डायरेक्टर पद के लिए 31 लोगों ने नामाकंन किया है। आसनडीह: बभनी ब्लॉक के चैनपुर सहकारी समिति का नामांकन निर्वाचन अधिकारी अरूण सिंह के समक्ष हुई। चैनपुर केन्द्र से 10 सदस्यों ने पर्चा भरकर जमा किया।