सोनभद्र। जिले में मिशन इंद्रधनुष योजना के तहत शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। इसकी मानीटरिंग के लिए आठों ब्लॉक में 62 सुपरवाइजर तैनात है, लेकिन 25 सुपरवाइजर काम के नाम पर कोरम अदाएगी कर रहे हैं। इसका खुलासा जांच होने पर हुआ है। सीएमओ एसपी सिंह ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को लापरवाह सुपरवाइजरों को नोटिस जारी कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
जिले में वर्ष 2017 में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी मिशन इंद्रधनुष योजना के तहत शून्य से दो वर्ष तक के 53999 बच्चों और करीब 62हजार गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करने का कार्य जारी है। स्वास्थ्य अधिकारियों की देखरेख में एएनएम, आशाएं टीका लगाने का कार्य कर रही है। बच्चों को बीसीजी, ओपीवी, पेंटा आदि टीका लगाया जाता है, जबकि महिलाओं को टीटी, बीसीजी, पेंटा, ओपीवी समेत अन्य टीका लगाया जाता है। पात्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को शत प्रतिशत टीका लगवाने के लिए राबर्ट्सगंज, घोरावल, नगवां, चतरा, चोपन, म्योरपुर, बभनी और दुद्धी ब्लॉक में 62 सुपरवाइजर तैनात किए गए है, लेकिन कुछ सुपरवाइजर अपने कार्यों के प्रति संजीदा नहीं है। इसकी शिकायत पिछले दिनों सीएमओ को मिली थी। सीएमओ ने जांच कराई तो शिकायत सही पाया गया। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीके अग्रवाल को कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले 25 सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है। संतोषजनक नोटिस का जवाब न देने वाले सुपरवाइजरों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।