शक्तिनगर। सोनांचल संघर्ष वाहिनी के तत्वावधान में रविवार को विस्थापितों व बेरोजगार युवाओं ने लोक निर्माण विभाग मोड़ से जुलूस निकाला और थाने का घेराव किया। वक्ताओं ने कहा कि एनसीएल में ओवर बर्डेन हटाने वाली कंपनी बीजीआर स्थानीय बेरोजगारों के साथ अन्याय कर रही है। पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त किया गया।
संयोजक रोशन लाल यादव ने कहा कि बीजीआर कंपनी स्थानीय युवाओं की उपेक्षा कर रही है। थाने के घेराव पर उन्होंने कहा कि हर बार पुलिस के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त होता रहा है। लेकिन मांगें पूरी नहीं हुई। उनका कहना था कि पुलिस बीजीआर कंपनी के अधिकारियों को थाने में बुलाकर वार्ता कराएं ताकि स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय बेरोजगार जायज मांगों से जिला प्रशासन को भी कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी के कारण निजी कंपनी के प्रबंधक भी रोजगार देने में हीलाहवाली कर रहे हैं। इस मौके पर स्टूडेंट्स यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष आकाश जायसवाल, अंजनी यादव, उमेश सागर, कृष्ण गोपाल, अरुण वर्मा, अन्नू खान, अमित शुक्ला, रामशरण, रामप्रसाद, दिलीप, रिपू सूदन, मुन्ना, संदीप कुमार, राजकुमार, सुखेंद्र यादव, बलवंत यादव आदि उपस्थित थे।
इनसेट...
भूख हड़ताल पर बैठे
जन अधिकार मंच के कार्यकर्ता बेरोजगारों को कंपनियों में रोजगार दिलाने की मांग को लेकर एनसीएल कृष्णशीला परियोजना के महाप्रबंधक के कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष भागीरथी मौर्य ने इस मामले में परियोजना प्रशासन को निशाने पर लिया। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, अनशन जारी रहेगा।