सोनभद्र। जनपद के तीनों तहसीलों में मंगलवार को तहसील समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 212 शिकायती पत्र पड़े, जिसमें से महज 22 का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को निस्तारण के लिए सौंप दी गईं। डीएम पीके उपाध्याय ने चेताया कि जो अफसर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने राबर्ट्सगंज तहसील में समस्या सुनी। उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए तीन दिनों के भीतर लंबित प्रकरणों को निस्तारित करने के निर्देश संबंधितों को दिया। कहा, विकास विभाग से जुड़ी शिकायतें जैसे जन कल्याणकारी व विकास परक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान देते हुए समस्याओं के निदान के संबंध में समय से कार्रवाई करें। यहां 104 शिकायतें आईं जिसमें से 10 मामले निस्तारित हुए। बचे 94 मामलों को समय सीमा के अंदर निस्तारित करने की हिदायत दी गयी। यहां एसपी आरपी सिंह, प्रशिक्षु आईएएस अतुल वत्स, एसडीएम सदर विशाल यादव, डिप्टी कलेक्टर अशोक सिंह यादव, तहसीलदार नंदलाल सिंह, सीएमओ एसपी सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी मधुसूदन दूबे मौजूद रहे। दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार यहां एसडीएम भानुप्रताप सिंह ने समस्या सुनी। मौके पर 57 मामले आए जिसमें से पांच का निस्तारण हुआ। शेष 52 मामले विभागों को सौंप दिये गए। घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार यहां एसडीएम शादाब असलम की अध्यक्षता में तहसील समाधान दिवस संपन्न हुआ। इस मौके पर एसडीएम ने 51 फरियादियों की समस्या सुनी। यहां सात मामले निस्तारित हुए। इस दौरान तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।