चोपन। ब्लॉक परिसर में लगा तीन दिवसीय अंत्योदय मेला एवं प्रदर्शनी शुक्रवार को संपन्न हो गई। इसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार से संचालित योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों के करीब तीन दर्जन स्टाल लगाए गए थे। स्वास्थ्य शिविर के जरिए दवाएं उपलब्ध कराई गई। डीएम पीके उपाध्याय ने स्टालों का निरीक्षण किया। विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मेले में मौजूद लोगों से भी पूछा कि उन्हें विभागों के योजनाओं में बारे में कुछ जानकारी हुई या नहीं। डीएम ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के तहत मेला लगा था। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई है। जिन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेना हो वे संबंधितों विभागों में पहुंचकर आवेदन करें। गांवों में गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ देने की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने मौजूद लोगों से गांवों को स्वच्छ रखने की अपील की। कहा कि गांवों को ओडीएफ बनाकर ही पर्यावरण को संतुलित रखा जा सकता है। इस दौरान निदेशक लखनऊ द्वारा भेजी गई पं. दीन दयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित पुस्तिका का वितरण किया गया। शासकीय कैलेंडर के साथ ही पं. दीनदयाल उपाध्याय की चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। डीएम पीके उपाध्याय के मुताबिक यहां करीब आठ हजार से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। डीएम के साथ ही सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक ओबरा संजीव गौड़, सदर विधायक भूपेश चौबे, सीडीओ रामाश्रय ने लोगों के प्रति आभार जताया।