घोरावल। नगर स्थित आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में शुक्रवार शाम समाज कल्याण विभाग के डिप्टी डायरेक्टर, जिला समाज कल्याण अधिकारी और उपजिलाधिकारी ने पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच में कई कमियां मिली। कई छात्रों ने शिकायत किया कि मेन्यू के अनुसार भोजन नही मिलता। साथ ही घटिया किस्म का भोजन मिलता है। यहां तक कि कई बार खाने में बीड़ी सिगरेट के टुकड़े भी मिल चुके हैं। दूध तो मिलता है परंतु उसमें आधे से ज्यादा पानी ही मिला रहता है। फल भी मीनू के अनुसार नही मिलता। इसके अलावा तमाम अनियमितताओं की शिकायत छात्रों ने की। छात्रों ने बताया कि पिछले साल भी उन्होंने भोजन में अनियमितता के खिलाफ सैकड़ों छात्रों ने थाली लोटा लेकर जुलूस निकाला था। जबकि विद्यालय कर्मचारियों के अनुसार कुछ वरिष्ठ छात्र अनुशासन हीनता करते हैं। जिससे आये दिन समस्या उत्पन्न होती है। जांच के दौरान मौके पर ही विद्यालय से इंटरमीडिएट के छात्र मनीष पटेल, राहुल कुमार, पंकज, अजय, राहुल, शिवशंकर व महेंद्र को यह कहते हुए विद्यालय से घर के लिए छोड़ा गया कि अपने अभिभावकों को लेकर विद्यालय आये। इधर इन छात्रों का कहना है कि वे विद्यालय में भोजन, वस्त्र, रहन सहन संबंधी अनियमितताओं का लगातार विरोध करते हैं। इसलिए उनको घर के लिए भेजा जा रहा है। इस सम्बंध में एसडीएम शादाब असलम ने बताया कि विद्यालय में कई कमियां मिली हैं। इन सब के संबंध में विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।