रेणुकूट। पिपरी में स्थित उत्तर प्रदेश जल विद्युत निगम लिमिटेड की इकाई में मृतक आश्रित कोटे में एक व्यक्ति के धोखाधड़ी पूर्वक जन्मतिथि में हेराफेरी करके नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने के कई माह बाद भी अब तक इसमें कुछ नहीं हो सका है। शिकायतकर्ता पिपरी निवासी शिवप्रताप सिंह का कहना है कि शिकायत के कई माह बाद भी अब तक जांच पूरी नहीं हो पाई। इसलिए वे विद्युत उत्पादन खंड कार्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने एक अगस्त से आमरण अनशन पर बैठेंगे। वहीं जल विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता शैलेश सिंह व अधिशासी अभियंता आरएनएस यादव का कहना है कि मामले की जांच चल रही है, जिसमें एक पक्ष का बयान लिया जा चुका है। दूसरे पक्ष के बयान के लिए नौ अगस्त की तिथि निर्धारित की गई है।