अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना की पहली और सातवीं इकाई से उत्पादन बंद हो गया है। इससे निगम का 710 मेगावाट उत्पादन प्रभावित हुआ है। अभियंता बंद हुई इकाइयों को चालू करने में जुटे हुए हैं।
210 मेगावाट की पहली इकाई को ब्वायलर इंसपेक्शन के लिए बंद किया गया है। इसे मंगलवार को पूरा कर देर शाम तक इकाई को चालू करने की संभावना जताई जा रही है। वहीं 500 मेगावाट की सातवीं इकाई को रविवार की देर रात ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद करना पड़ा। लीकेज को ढूंढ मरम्मत के लिए परियोजनाकर्मी युद्धस्तर पर लग गए हैं। बुधवार तक इस इकाई के चालू होने की संभावना जताई जा रही है। गत सप्ताह भी सातवीं इकाई ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद हुई थी। शनिवार को चालू होने के 24 घंटे के बाद ही लीकेज शुरू होने से इकाई को बंद करना पड़ा। दो इकाइयां बंद होने का असर सूबे में बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा है। पीक आवर में बिजली की अधिकतम मांग 17721 मेगावाट दर्ज की गई, जबकि माह की शुरुआत में बिजली की अधिकतम मांग 19726 मेगावाट दर्ज की गई थी।