सोनभद्र। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी की खरीद-फरोख्त का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने किशोरी को बरामद करते हुए राजस्थान के दो व्यक्तियों समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें कांग्रेस नेता और उनकी पत्नी भी शामिल हैं।
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 28 नवंबर की रात में करीब दस बजे घर से लापता हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने दस दिसंबर को केस दर्ज किया था। जांच के दौरान सामने आया कि क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने किशोरी को राजस्थान में बेच दिया है।
मामले में पुलिस ने रविवार को रामपुर बरकोनिया के पटना निवासी संदीप जायसवाल, सिलथम निवासी अंकित पांडेय उर्फ सोनू, सच्चिदानंद पांडेय, कांशीराम आवास रॉबर्ट्सगंज निवासी कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नामवर कुशवाहा और उनकी पत्नी कांग्रेस की पूर्व जिला उपाध्यक्ष विमला देवी को गिरफ्तार किया है।
रुपये देकर किशोरी को खरीदने वाले राजस्थान के रामपुर जोडा बस्ती निवासी विक्रम चंद्र सैनी और रलावता निवासी कमलेश जाट को भी गिरफ्तार किया है। संदीप जायसवाल के कब्जे से 30 हजार और विमला देवी के कब्जे से 34 हजार रुपये बरामद हुए।