सोनभद्र। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे कमजोर हो रही है। इस वजह से रिकवरी दर भी बढ़ रही है। अब तक 94.79 फीसदी लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। मंगलवार को 63 नए संक्रमित मिले और एक की मौत हुई। संक्रमितों में म्योरपुर ब्लाक के ज्यादा लोग शामिल हैं। उधर, राबर्ट्सगंज समेत अन्य कस्बों में कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने में भी पुलिस जुटी रही।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे के दौरान 63 कोरोना के मरीज मिले है। इनमें सर्वाधिक ग्रामीण क्षेत्र के लोग है। अब तक कुल 16686 लोग संक्रमित हुए जिसमें से 15816 लोग स्थत हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या 246 है। सीएमओ डॉ. नेम सिंह ने बताया कि रिस्पांस टीमें मरीजों के घर जाकर उनका चेकअप करने के साथ ही दवाएं उपलब्ध करा दी है। सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। मरीजों को कोविड कंट्रोल रूम का नंबर भी मुहैया कराया गया है। ताकि उन्हें कोई दिक्कत हो तो तत्काल सूचित कर सकें। कोरोना मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था है। उन्होंने सभी लोगों से बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है। उधर कोरोना की चेने तोडने के लिए 31 मई तक कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है। कर्फ्यू के चलते काफी हद तक संक्रमण पर कंट्रोल है। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को कर्फ्यू का शत प्रतिशत पालन कराने का निर्देश दिया है। ताकि संक्रमण को फैलने से पर पूरी तरह रोका जा सकें। उक्त निर्देश क्रम में मंगलवार को राबट्र्सगंज नगर में फोर्स के साथ सीओ राजकुमार तिवारी, कोतवाल और चौकी इंचार्ज अलग-अलग भ्रमण करते रहे।