ओबरा। राजकीय स्नातकोतर महाविद्यालय ओबरा की तरफ से आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर में चौथे दिन बृहस्पतिवार को स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने खैरटिया के ग्रामीणों को स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने ग्रामवासियों को पूर्ण स्वस्थ रहने, संतुलित आहार और स्वच्छ पेयजल आदि के बारे में बताया।
कहा कि ताजी सब्जियों, फलों का प्रयोग करें। उपयोग में आने वाले मसालों, अनाजों एवं अन्य सामग्री का भंडारण सही तरीके से करें। खाने में शक्कर, नमक दोनों का प्रयोग कम से कम करें। एक्सपायरी डेट वाली वस्तुओं पर तारीख देखने का ध्यान रखें। एकाग्रता बढ़ाने, तनाव से दूर रहने के लिए योगा और ध्यान की सलाह दी। आयुष्मान योजना के बारे में भी बताया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ.किशोर कुमार सिंह, प्रो. उपेंद्र कुमार, डॉ. अमुल्य कुमार सिंह ने कहा कि सही जीवन शैली, मानसिक एवं भावनात्मक लचीलापन, बौद्धिक कौशल एवं ज्ञान का विकास, आध्यात्मिक गहराई, सामाजिक खुशहाली और आत्मबोध स्वस्थ रहने के प्रमुख आधार हैं।