सोनभद्र। कचहरी परिसर स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन के सभागार में शुक्रवार को दक्षणा भाषण में प्रत्याशियों ने अधिवक्ता हितों को लेकर कई वायदे किए। अपनी तमाम प्राथमिकताएं गिनाईं। वकील मतदाताओं ने प्रश्न भी पूछे जिसका प्रत्याशियों ने जवाब दिया।
मुख्य चुनाव अधिकारी विनोद कुमार चौबे की देखरेख में हुए कार्यक्रम में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ओमप्रकाश राय ने कहा कि दूसरी बार अध्यक्ष पद पर चुनाव इसलिए लड़ रहे हैं, क्योंकि अभी अधिवक्ता कल्याण के लिए बहुत से कार्य करने हैं। अधिवक्ता को बीमारी हालत में 50 हजार दिलाने, वकालतनामा शुल्क निधार्रित करना, कचहरी परिसर में बैक खोलवाने, स्थाई डाकघर, चिकित्सा बीमा आदि शामिल हैं। प्रभाकर श्रीवास्तव ने कहा कि बार-बेच मे सामंजस्य स्थापित करने का प्रयास होगा। एनसीएल से धन लाकर बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से निजात दिलाने के लिए शेड लगवाया जाएगा। शपथ आयुक्त कक्ष बनवाया जाएगा। शौचालय की साफ-सफाई कराई जाएगी। बीमारी हालत में वकील को घर जाकर 51 हजार रुपये दिया जाएगा। रामब्रृक्ष तिवारी ने कहा कि विशाल लाइब्रेरी उपलब्ध कराएंगे। चैम्बर एवं शौचालय की साफ.सफाई का प्रबंध किए जाने, जिला मुख्यालय पर रहकर बार की गरिमा के लिए कार्य करने की बात कही। रमेश राम पाठक ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार नहीं होने देंगे। एनटीपीसी से एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है, जिससे बारिश एवं धूप में वकीलों को होने वाली परेशानी से शेड लगवाकर निजात दिलाने समेत कई अन्य वायदे किए। महामंत्री पद के प्रत्याशी सत्यदेव पांडेय, विनोद कुमार शुक्ला ने कई वायदे किये। कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुनिराज साह, सुरेश कुमार पाठक ने भी अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। अध्यक्षता एसबीए अध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक एवं संचालन मनीष चौबे ने किया। यहां लालता प्रसाद पांडेय, राजीव गौतम, पवन मिश्र, शक्ति सेन, शोभित श्रीवास्तव मौजूद रहे।