मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से हुआ प्राण-प्रतिष्ठा
अनपरा। गोल्डेन जुबली मना रही रेणुसागर पावर डिवीजन की श्री श्री दुर्गा पूजा समिति द्वारा रेणुसागर प्रेक्षागृह परिसर स्थित शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि को आदि शक्ति, महाशक्ति श्री श्री मॉ दुर्गा देवी की प्रतिमा की स्थापना विधि-विधान पूर्वक पूजन अर्चन कर कलश स्थापना के साथ की गयी। कोलकाता से आये पण्डित नन्द गोपाल चक्रवर्ती ने बताया कि आदि शक्ति दुर्गा माता रानी का बोधन के पश्चात आमंत्रण तथा अधिवास संपन्न हुआ। इसके उपरांत भक्तों के दर्शन हेतु मॉ का दरबार खोल दिया गया। सप्तमी के दिन पत्रिका प्रवेश और पुष्पांजली एवं आरती की गई। समिति के सचिव यू.सेन. गुप्ता ने बताया कि सायं कालीन बेला में लायनेस क्लब रेनूसागर द्वारा डाण्डिया का आयोजन किया गया जिसे देखकर उपस्थित दर्शक भाव विभोर हो गये। इस अवसर पर सैंकड़ों भक्तों ने मॉ के दर्शन किये तथा जयकारे लगाये जिससे पूरा पण्डाल मां के जयकारे से गुजांयमान व भक्तिमय हो गया व भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यंक्रम के आयोजन में गोपाल मुखर्जी एवं उनकी टीम का सहयोग सराहनीय रहा ।