रेणुकूट । विश्व हिंदू महासंघ रेणुकूट नगर इकाई की शनिवार की शाम स्थानीय शिव मंदिर परिसर में हुई बैठक में संगठन के विस्तार पर चर्चा हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय ने संगठन के विस्तार व मजबूती को लेकर कार्यकर्ताओं से वार्ता की। इसके बाद संगठन का विस्तार किया गया। रेणुकूट नगर अध्यक्ष रहे सत्येंद्र नारायण चौबे का पद बढ़ाते हुए उन्हें जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। सुखाड़ी गुप्ता को म्योरपुर ब्लाक प्रभारी, अजय कुमार गुप्ता को रेणुकूट नगर अध्यक्ष, बृजेश पांडेय को रेणुकूट नगर प्रभारी नियुक्त किया गया है। पांडे ने कहा कि महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के पश्चात भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, जाति व धर्मवाद समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आम जनमानस को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश चौमुखी विकास की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री की सरकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करने की अपील की। इस मौके पर वरिष्ठ वक्ता हरिश चंद दूबे, जिला महामंत्री अवध नारायण पांडेय, म्योरपुर ब्लाक अध्यक्ष प्रेमनाथ यादव, राधाकांत तिवारी, जवाहर गुप्ता, आरके ओझा, चतुर्वेदी सिंह आदि रहे।