बीजपुर। केन्द्रीय विद्यालय रिहंदनगर के विद्यार्थियों ने देश की सेवा व विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ के जवानों के लिए राखियां बनाकर उनके मनोबल में चार चांद लगाने का काम किया है। उप समादेष्टा रवि कुमार शर्मा के आदेशों को अमल में लाते हुए शुक्रवार को सुबह लगभग 11 बजे विद्यालय पहुंचे इंस्पेक्टर एनएस बिस्ट, दिलीप कुमार दास व अन्य जवानों का स्वागत प्राचार्य एल शाह किया। प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियां निश्चित ही जवानों के हौसले एवं मनोबल को बढ़ाने में सहायक साबित होंगे। एनएस बिस्ट एवं जवान दिलीप कुमार दास ने विद्यार्थियों द्वारा स्वयं निर्मित की गई राखियों का अवलोकन कर उन्हें सराहा। राखियों एवं जवानों के प्रति व्यक्त की गई भावनाओं का पत्र भी प्राचार्य ने सीआईएसएफ बल के जवानों को भेंट किया। छात्राओं ने जवानों की कलाई पर राखी बांधकर उनसे देश रक्षा के लिए वचन मांगा। राखी प्रतियोगिता का संयोजन वरिष्ठ हिंदी प्रवक्ता गुलाब शंकर सिंह ने किया। राखी बनने में कला शिक्षक एसके वर्मा का विशेष योगदान रहा। यहां डा. एमएस कुशवाहा, प्रवक्ता अंशुल प्रसाद आदि रहे।
छात्र-छात्राओं को बांटी गई राखी व मिठाई
सोनभद्र । सदर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रौप में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर शिक्षिका मालती सिंह और छात्र नेता वीरेंद्र विक्रम ने छात्र-छात्राओं को राखी एवं मिष्ठान दिया।
शिक्षिका ने कहा कि मानवीय मूल्यों के अवमूल्यन के कारण जब श्रेष्ठ वृतियों का प्रभाव हो जाता हैं तो इससे मानवीय संबंधों के लिए खतरा उत्पन्न हो जाता हैं। वर्तमान समय मे आपराधिक कृत्यों विशेषकर नारियों के प्रति होने वाले दुराचार का मूल कारण यही है। हमारे प्राचीन भारतीय संस्कृति में मानवीय संबंधों के संवर्धन, संरक्षण और सुरक्षा के लिए रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने की परंपरा चली आ रही हैं। छात्र नेता वीरेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यदि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का अभियान को एक बड़े जनांदोलन में बदलता हैं तो रक्षाबंधन के धागों में पिरोई गई श्रेष्ठ मानवीय भावनाओं एवं कर्तव्यों का समाज में व्यापक रूप से प्रसार करना आवश्यक हैं। इससे नारियों के प्रति अपराध में कमी आएगी और संपूर्ण नारी जगत का सम्मान भी बढ़ेगा।
एक राखी देश के जवानों के नाम
दुद्धी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रक्षाबंधन पर भारतीय सेना को राखी भेजवाने और सदस्य बनाने के लिए शुक्रवार को विभिन्न कॉलेजों में सम्पर्क किया।
नीरज अग्रहरि ने कहां कि सीमा पर जवानों की तैनाती के कारण ही हम अपने घर में चैन से सोते है। जवान हमारे लिये अपनी जान देने में कभी पीछे नहीं हटते। उन्होंने छात्राओं को रक्षा सूत्र सीमा पर तैनात जवानों को भेजने के लिये प्रेरित किया। सदस्यता पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित और राष्ट्रहित के लिये कार्य करती रहती है। राष्ट्रवादी बनकर अभाविप से जुड़ने के लिए सभी विद्यार्थियों से अपील की। इस मौके पर नगर मंत्री विवेक गुप्ता और दीपक कुमार मौजूद रहे ।