सोनभद्र। चोपन ब्लॉक के देवाटन गांव में स्थित सस्ते गल्ले के दुकान की जांच गुरुवार को चोपन के आपूर्ति निरीक्षक अभिषेक सुमन और चतरा के निरीक्षक शशिकांत मौर्या ने की। यहां 28 कार्डधारकों ने गल्ला न मिलने की शिकायत की और बयान दर्ज कराया। कोटेदार ने जांच टीम को गल्ला वितरण का रजिस्टर नहीं दिखाया। इस पर आपूर्ति निरीक्षकों ने उसे फटकार लगाया।
ग्राम पंचायत देवाटन के कोटेदार की शिकायत तहसील दिवस में भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलामंत्री अब्दुल मोतल्लीब ने की थी। आरोप था कि 57 ग्रामीणों को तीन माह से गल्ला नही दिया जा रहा है। ग्रामीणों के पूछने पर बताया जाता है कि गल्ला नही आता है। जबकि सभी ग्रामीण का राशन कार्ड बना हुआ है। शिकायती पत्र पर जांच करने पहुंचे चोपन आपूर्ति निरीक्षक अभिषेक सुमन व चतरा आपूर्ति निरीक्षक शशिकांत मौर्या ने राशन कार्ड धारकों का लिखित बयान लिया। 28 कार्ड धारकों ने गल्ला न मिलने की शिकायत लिखित रूप से की। दोनों आपूर्ति निरीक्षकों ने कोटेदार की दुकान की स्टॉक रजिस्टर से स्टॉक की मिलान किया व गल्ला वितरण रजिस्टर की मांग कोटेदार से की। लेकिन कोटेदार ने रजिस्टर नहीं दिया। निरीक्षकों ने यह रिपोर्ट एसडीएम को सौंपने की बात कही। मौके पर ग्राम प्रधान इबरार अली, राजिक अली, रुस्तम परवेज, जगरनाथ पासवान, डब्लू मौजूद रहे।