बभनी। यूपी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर दरनखांड़ के समीप शनिवार की रात करीब दस बजे ट्रक का पट्टा टूट जाने से सड़क पर जाम लग गया। ट्रक सड़क पर स्थित गड्ढे में खराब हो गई, जिससे अगल-बगल से भी वाहन नही निकल पा रहे थे। इसकी वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रक दिल्ली से रायगढ़ छत्तीसगढ़ परचून का सामान लोड करके जा रहा था। सोमवार को काफी मशक्कत के बाद करीब 15 घंटे बाद जाम हटा, तब यातायात बहाल हो सकी और लोगों ने राहत की सांस ली।
यूपी-छत्तीसगढ़ मार्ग पर स्थित बभनी से आसनडीह तक करीब 16 किलोमीटर सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। सड़क पर दो से चार फीट तक के गढ्ढे बन गए हैं। यहीं वजह है कि बभनी-आसनडीह मार्ग पर आए दिन वाहनों के खराब हो जाने से जाम लग जाता है। इतना ही नहीं सड़क खराब होने की वजह से दुर्घटना भी होती रहती है। जबकि दुद्धी एसडीएम ने गड्ढों को भरवाकर पानी छिड़काव कराने का भी आश्वासन दिया था। बावजूद इसके आज भी बभनी-आसनडीह मार्ग पर गढ्ढा बना हुआ है। इसी का नतीजा रहा कि शनिवार की रात्रि में दिल्ली से रायगढ़ छत्तीसगढ़ परचून का सामान लोड करके जा रहा ट्रक बभनी-आसनडीह मार्ग पर दरनखाड़ के पास सड़क पर बने गढ्ढे में ट्रक का पट्टा टूट जाने से फंस गई जिससे मार्ग पर जाम लग गया। काफी मशक्कत के बाद रविवार को करीब 15 घंटे बाद दोपहर एक बजे ट्रक को बाहर निकाला गया तब जाकर जाम हटा और आवागमन बहाल हो सका। इसके बाद सभी लोगों ने राहत महसूस किया।