सोनभद्र। आपदा नियंत्रण की तैयारियों से संबंधी समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें रिहंड डैम की सुरक्षा, बाढ़ की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य समेत अन्य समस्याओं पर चर्चा हुई। डीएम ने संबंधितों को बाढ़ और आपदा को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया।
डीएम पीके उपाध्याय ने कहा कि होशियारी ही बचाव है। रिहंद डैम से जुडे़ अधिकारी आपसी समन्वय के साथ डैम की सुरक्षा करते हुए पानी छोड़े जाने की सूरत में सतर्क दृष्टि रखें, ताकि जनहानि, पशु हानि आदि न होने पायें। डीएम, एसपी ने समीक्षा बैठक में सुरक्षा का विशेष ख्याल रखने को कहा। डीएम ने कहा कि वर्षा के अच्छे आसार हैं। किसी भी दैवीय आपदा के प्रभाव से समय रहते तैयारियां किया जाना जरूरी है। आगामी दिनों में क्षमता से ज्यादा पानी होने की सूरत में रिहंद डैम का फाटक खोले जाने से पहले पानी से प्रभावित होने वाले निकटवर्ती इलाकों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय, जिससे जनहानि, पशु हानि आदि न होने पायें। उन्होंने कहा कि डैम के सभी 13 गेटों की मजबूती बनायी रखी जाय। पानी ज्यादा होने की संभावना की जानकारी आम लोगों में दी जाय, ताकि पानी छोड़े जाने की सूरत में नुकसानी न होने पायें। बैठक में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, एएसपी डा. अवधेश सिंह, रिहंद डैम से जुड़े अधिकारी मौजूद रहें।