सोनभद्र। जिला अस्पताल में बनकर तैयार सौ बेड के मातृ एवं शिशु अस्पताल का संचालन हेरिटेज इंस्टीट्यूट मेडिकल कालेज वाराणसी द्वारा किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत इसको लेकर सहमति बनी है। अस्पताल में चिकित्सा सेवा इसी माह से शुरू होने की संभावना है।
सपा सरकार में जिला अस्पताल परिसर में जच्चा-बच्चा को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए करीब 46 करोड़ की लागत से सौ बेड का मातृ एवं शिशु अस्पताल का निर्माण कराया गया। कई माह पूर्व से भवन तैयार हो चुका है। इसके अलावा करीब एक करोड़ 50 लाख की लागत से बर्न यूनिट एवं प्लास्टिक सर्जरी, एक करोड़ 49 लाख से ट्रामा सेंटर का भवन बनकर तैयार है। लेकिन डॉक्टर समेत अन्य स्टाफ की कमी से सेंटर का संचालन नहीं हो पा रहा था। अब इसके संचालन की जिम्मेदारी हेरिटेज मेडिकल कालेज को दी गई है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि संभावना है कि जुलाई के अंत तक हेरिटेज इंस्टीट्यूट मेडिकल कालेज मातृ एवं शिशु अस्पताल चालू कर देगा। हेरिटेज मेडिकल कालेज के डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स समेत अन्य कर्मचारी ही इलाज करेंगे। उन्होंने बताया मुफ्त में जच्चा-बच्चा का उपचार एवं उन्हेें भोजन दिया जाएगा। प्रसव के बाद प्रसूता को सरकार की ओर से मिलने वाले समस्त योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।