सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों का नवीन शैक्षणिक सत्र शनिवार से शुरू हो गया। जबकि सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को ड्रेस, बैग और पुस्तकों का वितरण नहीं हुआ है। उन्हें पुरानी किताबों से ही नए सत्र में पढ़ाई करनी होगी। उधर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विद्यालयों में पहुंचने वाले बच्चो का तिलक लगाकर अभिनंदन किया और उन्हें भारतीय संस्कृति व शिष्टाचार के प्रति जागरूक किया। बच्चों में मिठाई बांटी।
ग्रीष्मावकाश के बाद शनिवार से परिषदीय विद्यालयों के नए शिक्षा सत्र का आगाज हो गया। इससे बंद पड़े विद्यालयों में रौनक बढ़ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बढ़ौली और ममुआ प्राथमिक विद्यालय पर बच्चों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। कहा कि, पढ़ाई ही बच्चों का भविष्य है। इस दौरान गोविंद यादव, अनूप तिवारी, आशुतोष, यादवेंद्र द्विवेदी, मोहन कुशवाहा, बीएसए गोरखनाथ पटेल मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता ने प्राथमिक विद्यालय इस्लामियां व उच्च प्राथमिक विद्यालय राबर्ट्सगंज में बच्चों का स्वागत कर उन्हें मिठाई बांटी। बभनी प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय असनहर में स्कूल चलो रैली निकली। बच्चों को ड्रेस देकर व तिलक लगाकर प्रवेेश उत्सव मना। यहां भाजपा के प्रमोद दुबे, आरपी शर्मा, राकेश कुमार, भुनेश्वर प्रसाद, श्याम कार्तिक दुबे मौजूद रहे। दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार ब्लॉक संसाधन केंद्र पर विधायक हरिराम चेरो ने बच्चों को स्कूली ड्रेस बांटा। यहां बीईओ राजीव यादव, भाजपा के सुरेंद्र अग्रहरि, एबीआरसी नीरज कनौजिया, संतोष सिंह मौजूूद रहे। वैनी प्रतिनिधि के अनुसार वैनी प्राथमिक विद्यालय पर बच्चों को ड्रेस वितरित किय गया। यहां जिला पंचायत सदस्य अमरेश पटेल, बीईओ सुरेंद्र प्रताप सहाय, रामचंद्र यादव, मुरारी सिंह, विमला देवी मौजूद रहीं। डाला प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय बाड़ी में ओबरा विधायक संजीव कुमार ने विद्यालय में झाडू लगाकर और बच्चों को तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। ड्रेस भी वितरित किया। यहां बीईओ उदय चंद राय, रत्ना चतुर्वेदी, विमला शंकर त्रिपाठी मौजूद रहे।