उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं गुरुवार से शुरू हो गईं। पहले दिन प्रथम पाली में सुबह साढ़े सात बजे से साढ़े 10 तक बजे तक हिंदी प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की सैन्य विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा संपन्न हुई। हाईस्कूल में पंजीकृत 31558 परीक्षार्थियों में से 27341 उपस्थित हुए और 4217 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह इंटर मेें पंजीकृत 27341 परीक्षार्थियों में से 1770 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों में जाने से पहले परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। पुलिसकर्मियों ने परीक्षा के दौरान छात्रों के अलावा अन्य लोगों को केंद्र से दो सौ मीटर दूर कर दिया था। तीनों तहसील क्षेत्र में एसडीएम, डीआईओएस, सीओ समेत अन्य अधिकारी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
गुरुवार की सुबह साढ़े सात बजे से पूर्वाह्न पौने ग्यारह बजे तक 82 परीक्षा केंद्रों पर प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी, प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा और दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से सांय सवा पांच बजे तक इंटर के सैन्य विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर तैनात परीक्षक परीक्षार्थियों की सघन तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दे रहे थे। परीक्षा कक्ष के बाहर ही परीक्षार्थियों जूते और मोजे निकलवा दिया गया था।
राबर्ट्सगंज मुख्यालय पर स्थित आदर्श इंटर कालेज, राजा शारदा महेश इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का सदर एसडीएम कैलाश सिंह, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद, डीआईओएस देवेश शर्मा, कोतवाल अबरार अहमद ने अलग-अलग भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। परीक्षा केंद्रों पर तैनात फोर्स ने अभिभावकों समेत अन्य लोगों को दूर कर दिया था। सादे पोशाक में तैनात पुलिसकर्मी केंद्रों के चारों तरफ भ्रमण कर परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वालों को चिह्नित करने में जुटे रहे।
बभनी संवाददाता के अनुसार दक्षिणांचल ग्रामोद्योग इंटर कालेज और राजकीय इंटर कालेज चपकी में हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। दोनों केंद्रों पर हाईस्कूल में 187 और इंटर में 55 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल में 289 और इंटर में 239 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।