अनपरा (सोनभद्र)। औड़ी से शक्तिनगर फोरलेन निर्माण में वन विभाग और पीडब्लूडी विभाग द्वारा बरती जा रही उदासीनता से ऊर्जांचल के नागरिकों में रोष है, जिसको लेकर ऊर्जांचल जन कल्याण समिति ने रविवार को जिलाधिकारी और खनन प्रभारी मंत्री अर्चना पांडेय को ज्ञापन सौंपा।
ऊर्जांचल जन कल्याण समिति के महामंत्री व भाजपा नेता केसी जैन ने कहा कि लंबे समय से नागरिकों की मांग पर प्रदेश सरकार द्वारा औडी शक्तिनगर मुख्य मार्ग को फोर लेन करने के लिए फंड की व्यवस्था कर टेंडर भी कर दिया गया, पर कार्यदायी संस्था पीडब्लूडी और वन विभाग इस मार्ग के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के स्थान पर एक दूसरे के ऊपर आरोप प्रत्यारोप कर कार्य को कई महीनों से लटकाए पड़ा है। प्रदूषण और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र होने के बावजूद भी शासन प्रशासन का उदासीन रवैया है। एनजीटी के आदेशों का भी इन अधिकारियों पर कोई असर नहीं हो रहा है। वन विभाग जहां जमीन के स्थानांतरण का बहाना बनाकर काम को रोके पड़ा है, वहीं पीडब्लूडी भी पूरे मामले में मूक दर्शक बना हुआ है। जबकि रेलवे के दोहरीकरण के कार्य में वन विभाग की जमीन पर रेलवे विभाग बिना स्थानांतरण के ही कार्य करा रहा है। यह वन विभाग का दोयम व्यवहार है। उन्होंने डीएम और प्रभारी खनन मंत्री को ज्ञापन सौंप अनपरा शक्तिनगर रोड को शीघ्र शुरू कराने की मांग की। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता आरडी सिंह, अनिल सिंह गौतम, कृष्णा सिंह, प्रमोद शुक्ला आदि मौजूद थे।