घोरावल। तहसील परिसर में अपना दल (कृष्णा) का क्रमिक अनशन सोमवार से शुरू हो गया। यहां कार्यकर्ताओं ने मगरदहा गांव में चकबंदी संबंधी समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। जिला उपाध्यक्ष गंगेश्वर सिंह पटेल ने कहा कि मगरदहा गांव में लंबे अरसे से चकबंदी की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। इस ग्रामसभा में करीब 22 वर्षों से चकबंदी कराई जा रही है, लेकिन अब तक पूरी नहीं हो सकी। अधिकारी वहां की गरीब जनता से खून चूस रहे हैं। उस गांव के प्रभावशाली लोगों के प्रभाव से और प्रशासन की मिलीभगत से आज तक चकबंदी प्रक्रिया लटकी हुई है और भारी गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को निरस्त कराने के लिए आठ मई को राज्यपाल से, आठ सितंबर को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से और 17 अक्टूबर को प्रधानमंत्री से मिलकर समस्या का हल निकालने की मांग की गई। इस संबंध में जांच डीएम को सौंपी गई है लेकिन अब तक चकबंदी निरस्त नहीं हुई। इस संबंध में गंगेश्वर पटेल के नेतृत्व में अनशनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सीओ चकबंदी रामाश्रय को सौंपा। यहां ओमप्रकाश पटेल, शिवकुमार पटेल, सुनील पाल, विजय शंकर, रामजी, दीपनारायण प्रजापति, रामसूरत, सोमारू, विजेंद्र, पुरुषोत्तम, पारस, श्याम सुंदर, मोती लाल, गुलाबी देवी, शिव प्रसाद, सोमनाथ, उदयनाथ मौजूद रहे।