बभनी। ब्लॉक के बभनी-आसनडीह मार्ग के किनारे नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने शुक्रवार को निर्माण कार्य रोक दिया था। रविवार को ग्रामीणों ने घटिया निर्माण को लेकर प्रदर्शन किया और विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्राम प्रधान चैनपुर संजय गुप्ता, गुड्डू, स्वामीनाथ तिवारी, संतलाल गुप्ता, रामनाथ, चंद्रिका गुप्ता, सुरेश का आरोप है कि नाली सड़क से ऊंची बनायी जा रही है। सड़क सुरक्षा के मानकों को पूरा किये बगैर नाली बनायी जा रही है। कच्छप गति से निर्माण हो रहा है। महीनों से नाली अधूरी छोडी गयी है। इससे दुर्घटना हो रही है। तिराहे पर नाली के खोदे गड्डे के पास न ही कोई सांकेतिक चिह्न लगाये हैं, नही गति अवरोधक लगाये गये हैं। उधर शीशटोला गांव में सीसी सड़क का निर्माण मानक के अनुरूप नहीं कराया जा रहा। पास के ही नदी व नालों से बालू निकाल कर सड़क में प्रयोग किया जा रहा है। घघरी गांव में भी लोकल बोल्डर, बालू, गिट्टी का प्रयोग हो रहा। क्षेत्र के रामचंद्र, जानशाय, राम अधार, अनिल का आरोप है कि सीसी रोड का निर्माण मानक के अनुसार नहीं हो रहा। वनक्षेत्राधिकारी आरके सिंह का कहना है कि यदि क्षेत्र से बोल्डर, बालू उठाया जा रहा होगा तो कार्रवाई की जाएगी। उधर पोखरा गांव में बीएसएनएल टावर से रामलाल के घर तक सीसी सड़क के निर्माण में लोकल गिट्टी का प्रयोग हो रहा। जिला पंचायत से करीब 140 मीटर सीसी सडक का निर्माण लाखों की लागत से हो रहा। इसमें खेतों की बिनी हुई घटिया लोकल व सफेद गिट्टी बिछाई जा रही है। इससे लोगों में असंतोष है। जेई विनोद वर्मा का कहना है कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो कार्य रोकवा दिया जाएगा।