डाला। सेवा समर्पण संस्थान में दो दिवसीय बनवासी खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार से शुरू हो गई। इसमें कबड्डी, खो-खो, तीरंदाजी आदि की प्रतियोगिताएं हुईं। खन्ना कैंप बारी में मुख्य अतिथि विधायक संजीव कुमार गौड़ ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रजज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने ध्वजारोहण किया। खेल प्रतिभागियों के उद्घोष के साथ पथ संचलन, वंदेमात्रम गीत हुआ। प्रतिभागियो कों कर्मनिष्ठा व सदभावना से मन लगाकर खेलने की शपथ दिलायी गयी। खेल का उद्घाटन सदर विधायक भूपेश चौबे ने तीरंदाजी प्रतियोगिता में तीर चलाकर किया। विशिष्ट अतिथि अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के यूनिट हेड टीवी राव ने कहा कि गांव के अंदर आदिवासियों के बीच प्रतिभाएं छिपी हुई हैं। उन्हें निखारने का कार्य सेवा समर्पण संस्थान कर रहा है। इसी प्रतिभागियों में से निकलकर कोई गोल्ड मेडल तक पहुंचता है। आने वाले दिनों में शिक्षा, चिकित्सा व खेलकूद के क्षेत्र में कंपनी और भी सहयोग करेगी। सेवा समर्पण संस्थान के अध्यक्ष श्रीराम पाठक व क्षेत्रीय खेलकूद प्रमुख जितेंद्र ने कहा कि यह जिले का 21वां बनवासी खेलकूद प्रतियोगिता है। खेलकूद से प्रतिभा निखार के साथ ही शरीर को स्वस्थ व चुस्त दुरूस्त रखने में सहायक है। प्रतियोगिता में बालक वर्ग कबड्डी में बभनी, म्योरपुर, छपका, नगवां व दुद्धी की टीम खेली। बालिका वर्ग में बभनी व छपका की टीम खेली। खो-खो में बभनी, छपका, चोपन व चतरा कि टीमों के बीच मैच हुआ। संचालन मनोज मिश्रा व कृष्णगोपाल ने किया। यहां आनंद, नंदलाल, रमेश ओझा, कन्हैया जायसवाल, अवधेश सेठ, बबलू मौजूद रहे।