सोनभद्र। चतरा ब्लॉक में स्थित विद्युत सब स्टेशन पर क्षमता से अधिक भार होने से आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। इससे निजात लोगों को दिलाने के लिए शासन ने जिला प्रशासन को रामगढ़ क्षेत्र में 132 केवी बिद्युत सब स्टेशन बनाने का निर्देश दिया है। लेकिन डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी राजस्व विभाग ने बिजली विभाग को सब स्टेशन बनाने के लिए भूमि मुहैया नहीं कराया।। इससे सरकार की मंशा पर पानी फिरने लगा है।
चतरा ब्लॉक के पन्नूगंज में स्थित 32 केवीए की विद्युत सब स्टेशन है। इससे रामगढ़, कसारी, गुरौटी, चरकानवा, ढोढरी, खड़ूई, भवानीगांव, चतरा, रेटी, नाको, नरोत्तमपुर, तियरा, बरइल समेत करीब 300 गांवों में बिजली आपूर्ति होती है। वर्तमान में सब स्टेशन पर क्षमता से अधिक भार हो गया है। इस नाते अक्सर किसी न किसी क्षेत्र मेें आपूर्ति बाधित रहती है। इससे लोगों को निजात दिलाने के लिए सदर विधायक भूपेश चौबे ने शासन से रामगढ़ क्षेत्र में नया विद्युत सब स्टेशन की स्थापना कराने की मांग की थी। मई 2017 में शासन ने 132 केवीए का विद्युत सब स्टेशन बनवाने की मंजूरी भी दे दी। लेकिन अभी तक सब स्टेशन किस गांव में बनेगा यह फाइनल नहीं हुआ है। सात दिन पूर्व सदर तहसील में विद्युत ट्रांसमिशन के एसडीओ जे प्रसाद और अवर अभियंता अरविंद ने एसडीएम से मुलाकात कर सब स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध कराने कराने की मांग की। एसडीएम शादाब असलम ने कहा कि खुज्जा समेत अन्य कई गांवों में सब स्टेशन के लिए भूमि चिह्नित की जा रही है। जल्द ही विद्युत सब स्टेशन के लिए भूमि उपलब्ध करा दिया जाएगा।