दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के रजखड़ गांव में गत जून माह में शौचालय निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे दस हजार के इनामी शैलेष को पुलिस ने गुरुवार को रजखड़ पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
14 जून को रजखड़ गांव में शौचालय निर्माण के लिए गड्डा खोदे जाने को लेकर हुए विवाद में दुर्गावती देवी पत्नी देवकुमार रजखड़ की मौत हो गई। देवकुमार की तहरीर पर पुलिस ने 11 के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। घटना के कुछ दिन बाद ही सात को गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि चार फरार थे। उसमें शैलेष के खिलाफ अदालत से भी गैर जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। गिरफ्तारी न हो पाने पर एसपी ने शैलेष पर दस हजार का इनाम घोषित करते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए एएसपी आपरेशन डॉ. अवधेश सिंह की अगुवाई में टीम गठित कर दी। गुरुवार को इंस्पेक्टर विनोद यादव को सूचना मिली कि हत्यारोपी शैलेष रजखड़ पेट्रोल पंप के पास घूम रहा है। इस पर टीम ने घेरेबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दोपहर में गिरफ्तारी सार्वजनिक करने के साथ ही उसका चालान कर दिया गया।