सोनभद्र/दुद्धी/घोरावल। जिले के तीनों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें कुल 312 शिकायती पत्र पड़े, जिसमें से महज 38 का ही निस्तारण हो सका। शेष 274 मामले संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में निस्तारित करने के लिए सौंप दिये गए। जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह, एसपी किरीट राठोड ने दुद्धी तहसील में लोगों की समस्या सुनी। दुद्धी में मुख्य तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम, एसपी ने सभी अधिकारियों को दायित्वबोध कराते हुए कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण संबंधित अधिकारी करें। यहां कुल 88 शिकायती पत्र आए जिसमें से 19 का निस्तारण हुआ। शेष मामले अधिकारियों को सौंप दिये गए। यहां निरीक्षण के बाद डीएम, एसपी ने दिव्यांग प्रमाण-पत्र वितरित किया। इस मौके पर एसडीएम रामचंद्र यादव, सीएमओ डॉ. एसपी सिंह, सीओ दुद्धी सुनील कुमार विश्नोई, सीओ पिपरी राहुल मिश्रा, डीएसओ राकेश तिवारी, जिला कृषि अधिकारी पीयूष राय, तहसीलदार शषिभूषण मिश्रा, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी मौजूद रहे। राबर्ट्सगंज में सीडीओ सुनील कुमार वर्मा और एसडीएम सदर शादाब असलम ने लोगों की समस्या सुनी। यहां कुल 92 शिकायती पत्र आए। इसमें से 10 मामले निस्तारित किये गए। बचे 82 मामलों को औपचारिकताओं को पूरा करते हुए समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिये गये। इस मौके पर यहां तहसीलदार सदर विकास पांडेय, सीओ विवेकानंद तिवारी मौजूद रहे। घोरावल में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी और एसडीएम मणिकनंदन ने जन समस्या सुना। यहां 132 मामले आए जिसमें से नौ माले निस्तारित हुए। यहां कई अधिकारी मौजूद रहे।