घोरावल। ब्लॉक मुख्यालय स्थित आईसीडीएस कार्यालय पर विशेष पोषण माह के तहत मंगलवार को बैठक हुई। सीडीपीओ हरिमोहन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सेक्टर सुपरवाइजरों ने भाग लिया। यह आयोजन नीति आयोग के तत्वावधान में पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि अभय प्रकाश की देखरेख में हुआ। सीडीपीओ हरीमोहन ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। लाभार्थियों को समुचित पोषण के बारे में बताते हुए स्वस्थ रहने के गुर सिखाए गए। गर्भवती महिलाओं के उचित पोषण की भी जानकारी दी गई। हरी मौसमी सब्जियों, गुड़, चना, दालों तथा मौसमी फल लेने व उसके लाभ के बारे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बताते हुए उनसे कहा गया कि इस तरह का संदेश ग्रामीणों में प्रचार-प्रसार किया जाए। बच्चों का नियमित वजन कराने, गर्भवती महिलाओं का वजन व समय-समय पर जांच कराने, आयरन की गोली का नियमित सेवन करने और हास्पिटल पर ही प्रसव कराने के बारे में पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि अभय प्रकाश ने बताया।