सोनभद्र। जिला संयुक्त चिकित्सालय के पोषण पुर्नवास केंद्र से बच्चा चोरी होने का मामले में सीएमएस डॉ. पीबी गौतम ने केंद्र के प्रभारी डॉ. रंजीता चौधरी समेत पांच को नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर तीन दिन बाद भी चोरी हुए बच्चे का पता नहीं चल सका।
सोमवार को पोषण पुर्नवास केंद्र से 19 जुलाई को भर्ती लावारिस बच्चा चोरी हो गया। इसकी जानकारी होने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने बच्चे की खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन पता नहीं चला। इस मामले में मंगलवार को राबर्ट्र्सगंज कोतवाली पुलिस ने केंद्र की प्रभारी डॉ. रंजीता चौधरी की तहरीर पर करमा थाना क्षेत्र के खररा गांव निवासी सीमा के खिलाफ बच्चा ले जाने का मुकदमा दर्ज किया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी महिला एवं चोरी गए बच्चे को बरामद करने के लिए कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन बुधवार की शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका था। वहीं पोषण पुर्नवास केंद्र से बच्चा गायब होने को अस्पताल प्रशासन ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीबी गौतम ने कहा कि डॉ. रंजीता चौधरी, पोषण विशेषज्ञ प्रियंका, स्टाफ नर्स नेहा, रीतू और सीता को नोटिस जारी की गई है। कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर संबंधितों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वे स्वंय जिम्मेदार होंगी। क्षेत्राधिकारी विवेकानंद तिवारी ने कहा कि चोरी गए बच्चे का पता लगाया जा रहा है।