खलियारी। पिछले कई दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। बाजार में कीचड़ और बहते पानी से सड़क पर चलना दुश्वार हो गया है। खलियारी बाजार में दोनों तरफ नालियों के न होने से जलनिकासी की समस्या से सड़कें कीचड़ से सन गई हैं। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण लोगों को कीचड़, पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने समस्या का समाधान न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
नगवां ब्लॉक के पहाड़ी क्षेत्रों के वासियों के लिए नजदीकी बाजार खलियारी ही है लेकिन यहां दोनों तरफ नाली नहीं है। सरकार की मंशा स्वच्छ भारत, गड्ढा मुक्त प्रदेश है, लेकिन बाजार में कीचड़ व बहता पानी सरकार की मंशा को मुंह चिढ़ा रहा है। चुनाव के समय जनप्रतिनिधियों के सामने समस्या रखने पर वादा तो करते हैं, लेकिन जीतने के बाद मुड़कर पीछे नहीं देखते है। व्यापार मंडल अध्यक्ष अरुण कुमार जायसवाल ने कहा कि बारिश के समय बच्चों को स्कूल जाने में दुश्वारियां झेलनी पड़ती है। क्षेत्रीय लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं निकाला गया तो सभी व्यापारियों के साथ सड़क पर प्रदर्शन करेंगे। ग्राम प्रधान खलियारी जितेंद्र कुमार पासवान ने कहा कि ग्राम सभा के खाते में इतना धन नहीं आता कि नाली का निर्माण कराया जा सके। जन प्रतिनिधियों को खलियारी की समस्या अवगत कराया गया है लेकिन वे सुनते नहीं। गांव से सड़क पर निकलने के तीन रास्ते हैं लेकिन तीनों रास्ते कीचड़ से पटे हुए हैं।