शाहगंज (सोनभद्र)। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के ओदार गांव के समीप बुधवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने अशोक (18) की पिटाई कर अचेत कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश अशोक का मोबाइल, घड़ी, साइकिल, नकदी लेकर फरार हो गए। जानकारी होने पर पीआरवी घायल को सीएचसी घोरावल ले गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर पर पुलिस को दे दी है।
रात करीब आठ बजे घोरावल कोतवाली क्षेत्र के मुड़िलाडीह गांव निवासी अशोक मौर्य साइकिल से ओदार गांव में स्थित जनरल स्टोर की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां से लौटते वक्त ओदार में ही राबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर दो बाइक सवार नकाबपोश चार बदमाशों ने लाठी-डंडे से अशोक को पीटना शुरू कर दिया। युवक के अचेत होने पर वे फरार हो गए। रास्ते से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने सौ नंबर पर कॉल कर घटना की सूचना दी। पीआरवी ने अशोक को बेहोशी की हालत में सीएचसी घोरावल ले गई। यहां प्राथमिक उपचार होने के बाद उसे होश आया तो उसने आपबीती सुनाई। अशोक ने बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी पिटाई करने के बाद उसके जेब से नकदी, मोबाइल, घड़ी, साइकिल ले गए। पुलिस को घटना की लिखित तहरीर दे दी गई है। उधर युवक पर जानलेवा हमला होने की घटना से क्षेत्र मेें दहशत फैल गई है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही उन्हें पकड़ कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।