सोनभद्र/चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के कुड़ारी में बालू के अवैध खनन की जांच करने पहुंची टीम पर हमला बोलने और पथराव करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार की रात खनन सर्वेयर योगेश शुक्ला के तहरीर पर पुलिस न कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शेष की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
राबर्ट्सगंज के नायब तहसीलदार पवन सिंह यादव, सर्वेयर योगेश शुक्ल, सदर लेखपाल रमेश मिश्रा, क्षेत्रीय लेखपाल शिवशंकर यादव, ड्राइवर मुन्ना के साथ मंगलवार को तीन बजे कुड़ारी स्थित कुंडवा नाले के पास जांच करने पहुंचे। यहां देखा कि सोन नदी में बड़े स्तर पर अवैध खनन हो रहा है। 20 से 25 की संख्या में ट्रैक्टर लगातार बालू की ढुलाई में लगे हुए थे। तहरीर के मुताबिक जब सर्वेयर ने वहां मौजूद लोगों से खनन के बारे में पूछताछ की तो एक व्यक्ति ने खुद को मध्यप्रदेश गढ़वा थाना के रमडीहा निवासी पुष्पराज सिंह बताया। साथ ही खड़े तीन व्यक्तियों का परिचय सोनभद्र के जुगैल निवासी सुनील सिंह, विनोद सिंह और महादेव सिंह के रूप में दी। अफसरों के पूछताछ में इन लोगों ने कहा कि चारों के पास खनन का परमिट है। अफसरों ने जब परमिट मांगा तो पुष्पराज आग बबूला हो गया। अपने साथ के लोगों से कहा कि इनको जान से मारकर नदी में फेंक दो। यह सुनते ही सुनील, विनोद, महादेव के साथ ही वहां अचानक पहुंचे 20-25 अज्ञात लोगों ने हमला बोल दिया। नायब तहसीलदार, सर्वेयर से मोबाइल छिनने के बाद मारपीट की गई। अफसर जान छुड़ाकर भागने लगे तो वाहन और उन पर पत्थर फेंके गए। चालक मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह लोग खुद को बचाकर जुगैल थाने पहुंचे। सीओ ओबरा कृष्णगोपाल सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मंगलवार की रात उनकी अगुवाई में रमडीहा में छापेमारी कर वहां के विकास चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों के भी गिरफ्तारी का प्रयास जारी है। जुगैल पुलिस को अवैध खनन न होने देने के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।