अनपरा। शक्तिनगर से रेणुकूट के बीच डग्गामार वाहनों की भरमार है। इस मार्ग पर 35 कमांडर जीप बिना परमिट के संचालित हो रही हैं। जिनपर परिवहन विभाग शिकंजा करना शुरू कर रहा है। विंध्यनगर के एआरएम एमएल केशरवानी की अगुवाई में पैसेंजर फील्ड आफिसर प्रमोद शर्मा व टीआई रामजनम की संयुक्त टीम ने दो दिनों में जांच कर तीन डग्गामार जीपों को सीज किया। शक्तिनगर से डिबुलगंज तक बिना परमिट के 35 जीप संचालित पाई गईं। इससे परिवहन विभाग को प्रतिमाह लाखों रुपये राजस्व की भी क्षति हो रही है। औचक छापेमारी की बनाई योजना शक्तिनगर से रेणुकूट तक डग्गामार वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। एआरएम केसरवानी व पैसेंजर फील्ड आफिसर के नेतृत्व वाली टीम शक्तिनगर से रेणुकूट के बीच औचक छापेमारी कर जीपों को सीज करेगी। विंध्यनगर डिपो के एआरएम एमएल केसरवानी ने बताया कि डग्गामार वाहनों से रोडवेज को प्रतिमाह एक से डेढ़ लाख रुपये तक राजस्व की चपत लग रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी का निर्णय लिया गया है।