बीजपुर । म्योरपुर ब्लाक के पिंडारी गांव में बिच्छी नदी पर बना जुगाड़ पुल बड़ी घटना की वजह बन सकता है। बांस बल्ली को जोड़कर बनाए गए पुल से नगराज टोला के रहवासियों के अलावा कई स्कूलों के बच्चे आवागमन करते हैं। रहवासियों ने पुल को बनवाए जाने की मांग की है। बता दें कि बीते साल बरसात में अत्यधिक पानी का दबाव न सहने से बिच्ची नदी पर बना पुल टूट कर बह गया था। जिससे नगराज टोले के रहवासियों समेत आसपास के अन्य कई गांव के लोगों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया था। रहवासियों की परेशानियों को देखते हुए प्रधान धीरेंद्र जायसवाल ने बांस बल्ली के सहारे एक जुगाड़ पुल बनवाया ताकि लोग आवागमन कर सके। जुगाड़ पुल बनने के बाद नए पुल बनाने की किसी को फिक्र ही नहीं रही। अब यह जुगाड़ पुल ग्रामीणों के लिए गले की फांस बन गया है। हालत यह है कि इस पुल से स्कूली बच्चे भी गुजरते है। जिसकी वजह से उनके अभिभावक किसी अप्रिय घटना को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। ग्रामीण दीना जायसवाल, रामसुभग, रामशरण, श्रीप्रकाश, शंकर दयाल, रामू ने बताया कि बरसात के समय में ही बल्ली बांस नदी में गाड़कर जुगाड़ पुल बनवाया गया था, जो पानी से सड़ रहा है । जुगाड़ पुल कभी भी धराशाई हो सकता है । बिच्छी नदी पर पुल बनवाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्रधान ने कई बार पत्र भेजा लेकिन किसी ने सुधि नहीं ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रधान धीरेंद्र जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत पहले पुल का निर्माण कराया गया था। जिलाधिकारी को पत्र भेजकर पुल के न होने से हो रही मुश्किलों से अवगत करा दिया गया है।