सोनभद्र। पोलियो की जागरूकता के लिए शनिवार को राबटर्सगंज स्थित सीएमओ कार्यालय से रैली निकाली गई। रैली को हरी झंडी दिखाकर जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने रवाना किया। आगामी पांच दिनों तक चलने वाले अभियान में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियों की खुराक पिलाई जाएगी।
पल्स पोलियो अभियान की जागरूकता रैली सीएमओ कार्यालय से निकलकर मेन मार्केट समेत अन्य मार्गों से होते हुए पूर्व निर्धारित स्थल पर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई। सभा को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने कहा कि पोलियो की खुराक से कोई भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाए। उन्होंने इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों से सख्ती से निपटने की बात कही। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि जनपद को पोलियो मुक्त रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान में लापरवाही न बरती जाए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है। रविवार को बूथों पर सुबह नौ बजे से सांय चार बजे तक बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। सोमवार से लगातार पांच दिनों तक स्वास्थ्य कर्मी डोर टू डोर जाकर छूटे बच्चों को खुराक पिलाएंगे। कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को खुराक पिलवाने के साथ आसपास के बच्चों को भी पिलवाने में सहयोग करें। कहा कि प्रतिदिन महाभियान में लगे कार्मिक विभागीय उच्चाधिकारियों को सूचित करेंगे कि कितने बच्चों को खुराक पिलाई गई। इस दौरान अधिकारियों ने नौनिहालों को पोलियो की खुराक भी पिलाई। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. एसपी सिंह, एसीएमओ डॉ. वीके अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. एसके सिंह, डॉ. एसके चतुर्वेदी, रिपुंजय श्रीवास्तव, सुहैल, राजू आदि मौजूद रहे।