सोनभद्र। जिले में धान खरीद केंद्रों पर किसानों के सुविधाओं का ख्याल नहीं रखा जा रहा है। सर्द रात में किसान क्रय केंद्रों पर रात बिताने में मजबूर हैं। शनिवार को राबर्ट्सगंज स्थित नवीन सब्जी मंडी परिसर में हाट शाखा धान क्रय केंद्र का जायजा लेने एसडीएम विशाल यादव पहुंचे तो खामियां ही खामियां मिली। इसमें तीन किसानों का भुगतान तक नहीं हुआ था।
दोपहर एक बजे हाट शाखा क्रय केंद्र पहुंचे एसडीएम ने नमी मापक यंत्र से धान के सैंपल की जांच की। इलेक्ट्रॉनिक मशीन पर कई बोरी धान का तौल करवाकर मशीन का जांच किया। किसानों ने बताया कि रात में ठंड से बचने के लिए अलाव का इंतजाम नहीं है। शुद्ध पेयजल और बैठने केे लिए कुर्सी तक का इंतजाम नहीं है। फर्श पर बैठने के लिए दरी बिछाई गई है। एसडीएम ने केंद्र प्रभारी को अरूण सिंह को अविलंब अलाव, पेयजल और कुर्सी का इंतजाम कराने का निर्देश दिया। धान खरीद रजिस्टर और भुगतान रजिस्टर की भी जांच की। इस दौरान धान बेचने वाले तीन किसानों का भुगतान नहीं किया गया था। केंद्र प्रभारी ने एसडीएम को बताया कि बैंक में सर्वर डाउन होने के कारण किसानों के खाते में धनराशि नहीं भेजी जा सकी है। उन्होंने क्रय केंद्रों पर धान विक्रय करने के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर केंद्र प्रभारी जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें चेतावनी दिया कि समय पर किसानों का भुगतान नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।