राबट्सगंज आदर्श इंटर कालेज में पुलिस परीक्षा के पूर्व अभ्यर्थियों की लगी कतार।संवाद
यूपी पुलिस में भर्ती के लिए चल रही लिखित परीक्षा बुधवार को सकुशल संपन्न हुई। तीन दिनों तक चली परीक्षा में 70 फीसदी अभ्यर्थी उपस्थित रहे। अंतिम दिन 1670 ने परीक्षा छोड़ी। सभी छह केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई गई। डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी केंद्रों का भ्रमण व्यवस्था का जायजा लिया। तीन दिनों की परीक्षा में कुल 16992 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। इसमें 11913 ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
आठ जून से जिले में छह केंद्रों पर परीक्षा शुरू हुई थी। इसमें प्रत्येक पाली में 2832 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहले दिन दोनों पालियों में 1728 ने परीक्षा छोड़ी तो दूसरे दिन 1681 अनुपस्थित रहे।
अंतिम दिन की परीक्षा के कारण बुधवार को सुबह से ही सुरक्षा बल चौकन्ना रहा। केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की कड़ी निगरानी रखी गई। एक-एक अभ्यर्थी को गेट पर ही गहन तलाशी के बाद केंद्र में प्रवेश दिया गया। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली में 3 से 5 बजे तक हुई।
परीक्षा कक्ष में सीसी टीवी कैमरे और वायस रिकॉर्डर से निगरानी होती रही। बुधवार को डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने पं.दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज मुड़िलाडीह केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, परीक्षा कक्षों और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।