सोनभद्र। नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा होगी। दोनों केंद्र पर कुल 506 छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा देंगे।
जिला प्रशासन की ओर से प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित होगी। कक्षा छह में प्रवेश के लिए जिले से 330 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। ये छात्र-छात्राएं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा देंगे। वहीं कक्षा नौ में प्रवेश के लिए जिले से 176 छात्र-छात्राएं आवेदन किए हैं, जो राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज में प्रवेश परीक्षा देंगे। अटल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमाद मंडल के मुताबिक विद्यालय में कक्षा छह में 140 और कक्षा नौ में 140 छात्र-छात्राओं का प्रवेश लिया जाएगा। प्रत्येक कक्षा में 70 छात्र व 70 छात्रा का प्रवेश होगा।
इसके लिए मंडल के तीनों जनपद में कुल चार केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सोनभद्र जिला मुख्यालय (राबर्ट्सगंज) के दो विद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन दोनों केंद्र पर कुल 506 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शेष विद्यार्थी मिर्जापुर व भदोही में बने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे। इस संबंध में उप श्रमायुक्त पिपरी का कहना है कि मंडल के चार केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा 15 फरवरी को आयोजित की गई है। सोनभद्र के दो केंद्र पर 506 छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा देंगे।