सोनभद्र। कलिंगा कंपनी के जीएम की कार रोककर धमकी देने और दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। उनके कब्जे से स्कार्पियो भी बरामद की गई है।
एनसीएल की खड़िया परियोजना में ओबी हटाने का काम कलिंगा कंपनी को मिला है। बुधवार को कंपनी के जीएम डीजे नायक निजी काम से रॉबर्ट्सगंज आ रहे थे। लोढ़ी में भिलाई बंधी के पास स्कार्पियो सवार ने उनके वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जीएम को धमकी दी। उनके चालक का मोबाइल छीन लिया। उससे कंपनी के एचआर हेमंत को फोन कर दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उनसे बचकर जीएम के चालक सिंगरौली निवासी अजय कुमार रजक ने पुलिस को सूचना दी। तहरीर के आधार पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। कोतवाली पुलिस व एसओजी की संयुक्त ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें देवरी गांव निवासी संतोष पांडेय, अशोक नगर निवासी सोनेंद्र सिंह, ऊंचडीह निवासी राकेश पांडेय, राजीव पांडेय, पांपी निवासी सतीश पांडेय शामिल हैं।