सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी में सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने सीमेंट कारोबारी से 5.70 लाख रुपये लूट लिए। कारोबारी रुपये लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था। घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस छानबीन में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। एसपी ने भी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली। पीड़ित से पूछताछ कर मामले का जायजा लिया।
ये है पूरा मामला
आमडीह गांव निवासी अरविंद मौर्य पीडीडीयूनगर निवासी अपने रिश्तेदार उमेश मौर्य के साथ मिलकर सीमेंट का कारोबार करता है। आमडीह में उनका सीमेंट का गोदाम है। बताते हैं कि सोमवार को दोपहर बाद अरविंद सीमेंट बिक्री का पैसा लेकर बैंक में जमा करने जा रहा था।
इसी दौरान अपराह्न करीब तीन बजे वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हिंदुआरी पुल पर पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर अरविंद को रोक लिया। असलहा दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 5.70 लाख रुपये थे। आरोपी बिना नंबर प्लेट के काले रंग की बाइक पर सवार थे।