सोनभद्र। आचार संहिता खत्म होते ही विकास कार्य तेज हो गए हैं। लंबे समय से बदहाल जिले की 45 सड़कों का निर्माण जल्द शुरू होगा। शासन ने इसकी मंजूरी दे दी है। इसके लिए 36 करोड़ से अधिक की धनराशि भी स्वीकृत की है। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड टेंडर प्रक्रिया में जुटा है। जिन सड़कों पर काम होना है, उसमें घोरावल-राबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग भी शामिल हैं। नगर के मध्य से गुजरी इस सड़क के मरम्मत व नवीनीकरण पर आठ करोड़ से अधिक की राशि खर्च होगी।
वित्तीय सत्र की शुरुआत के तुरंत बाद निकाय चुनाव की आचार संहिता लगने के कारण विकास कार्यों पर ब्रेक लग गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने से पीडब्ल्यूडी के कई कार्य प्रभावित हुए थे। अब स्थिति सामान्य होने पर सड़कों के निर्माण को गति देने की कवायद शुरू हो गई है। प्रांतीय खंड की 45 सड़कों के निर्माण के लिए शासन ने 36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए है। यह सड़कें लंबे समय से खराब थी। महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद बजट के अभाव में उन पर कार्य नहीं हो पा रहा था। अब बजट मिलने के साथ निर्माण की बाधा दूर हो गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी शीघ्र औपचारिकताएं पूरी करते हुए कार्य आरंभ कराने की कोशिश में जुटे हैं, जिससे बारिश से पहले सड़कों को दुरुस्त करा लिया जाय।
20 किमी सड़क का होगा नवीनीकरण
मिर्जापुर जिले की सीमा में कलवारी से शुरू होकर घोरावल, राबर्ट्सगंज, रामगढ़ होते हुए बिहार बार्डर पर स्थित खलियारी तक जाने वाली कलवारी-खलियारी मार्ग को करीब दो वर्ष पहले स्टेट हाईवे घोषित किया गया है। इसके बाद से ही सड़क के नवनिर्माण व चौड़ीकरण को लेकर चर्चाएं हैं। फिलहाल इस सड़क के नवीनीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी ने बजट दिया है। सवा आठ करोड़ से अधिक धनराशि खर्च कर इसमें 20 किमी सड़क का नवीनीकरण कराया जाएगा। कार्य दो हिस्सों में होगा।
इन प्रमुख सड़कों का भी होगा कायाकल्प
खलियारी-कलवारी मार्ग के अलाव राजगढ़-शाहगंज मार्ग, बलुई-मीतापुर, घुवास-कम्हारी-डोलो-इमलीपोखर, चुर्क-मऊकला-धर्मदासपुर मार्ग, मीना बाजार से मकराबारी मार्ग, जुगैल-बेलगढ़ी, गुरेठ-शिवद्वार-बसुहारी मार्ग, नदहरी से गिलहरवा, खैराही से जड़ेरुवा से अकेलवा बाबा खैराही मार्ग, परसोई से फफराकुंड चोरपनिया मार्ग आदि सड़कें शामिल हैं।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत घोरावल-खलियारी मार्ग सहित कई अन्य सड़कों के लिए नवीनीकरण व मरम्मत कार्य के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत की है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। औपचारिकताएं पूरी कर जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - शैलेश कुमार ठाकुर, एक्सईएन, प्रांतीय खंड।