दुद्धी। वन निगम के लौंगिंग प्रभाग रेनुकूट में पांच क्रय केंद्रों पर अलग-अलग तिथियों में वन उपज की खरीद होगी। इसके लिए म्योरपुर, बचरा, बकरिहवा, जरहां, झारो में क्रय केंद्रों का संचालन शुरू हो गया है। यहां साप्ताहिक बाजार के दिन आदिवासी-वनवासी वन उपज बेच सकेंगे। वन विभाग के मुताबिक म्योरपुर में शनिवार, बचरा में सोमवार, बकरिहवा में बुधवार, जरहां में गुरुवार और झारों में शुक्रवार को खरीद की जा रही है। यह खरीद होली तक चलेगी। दुद्धी के सेक्शन अधिकारी डीपी यादव ने बताया कि लौंगिंग प्रभाग रेनुकूट और ओबरा के लघु वन उपज की खरीद का लक्ष्य 1075 कुंतल निर्धारित किया गया था। इसमें ओबरा का लक्ष्य पूरा हो गया है। उन्होंने कहा कि लघु वन उपज की खरीद में निगम को एकाधिकार नहीं है। इस कारण बाजार में आढ़तियों द्वारा भी इसकी खरीद की जा रही है। बता दें कि लघुवनोपज में नागरमोथा, मरोडफ़ली, वनतुलसी, पलास फूल, पियार, हर्रा, जोगी हर्रा, बेलगूदा, निशोध, आंवला फूल, शंखपुष्पी, बहेड़ा, लासा, इंद्र जौ, शतावर, निशोध सफेद, चिरौंजी, अश्वगंधा, घुमची आदि शामिल हैं। आढ़तियों के सक्रिय रहने से आदिवासियों को उपज की समुचित कीमत नहीं मिल पाती।