घोरावल। डोरिहार गांव में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता के फाइनल में गुरेठ कई टीम ने लालगंज की टीम को हराया। घोरावल ब्लॉक के डोरिहार गांव में गत शनिवार से चल रही दो दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का समापन रविवार को हो गया। अंतरजनपदीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन वीर अब्दुल हमीद युवा शक्ति वालीबाल क्लब के तत्वाधान में पुलवामा शहीदों के नाम आयोजित किया गया। दो दिनों में प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच में रेफरी के रूप में रामावतार सिंह, प्रभानंद पांडेय, श्रीपति तिवारी रहे। पूरे मैच की कॉमेंट्री रामानंद पांडेय ने किया। स्कोरर विवेकानंद पांडेय रहे। रविवार को सेमीफाइनल में अंकों के आधार पर गुरेठ, इलाही और लालगंज के बीच मैच खेला गया। फाइनल मैच गुरेठ व लालगंज के बीच काफी संघर्ष पूर्ण खेला गया। गुरेठ ने लालगंज टीम को हराया। प्रतियोगिता के फाइनल मैच विनर टीम को ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल घोरावल की ओर से 2100 सौ रुपये और रनर टीम को 1100 सौ रुपये का पुरस्कार दिया गया। विजेता व उप विजेता टीम को शील्ड व खिलाड़ियों को मेडल दिए गए। इस अवसर पर पं. रामनिवास शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य नीरज श्रीवास्तव, आयोजक एमए अब्दुल्ला, इनामुल हक अंसारी, अनुराग कुमार पांडेय, राजकुमार गुप्ता, संतोष सिंह, बाबूलाल, बरकत अली मौजूद रहे।